पीएम मित्र पार्क (पीएम मेगा इण्टीग्रेटेड टेक्सटाईल रिजन एण्ड एपरील पार्क) स्कीम के तहत जिले में टेक्सटाईल मेगा पार्क के निर्माण हेतु किया जा रहा प्रयास।




केन्द्रीय दल द्वारा चनपटिया स्टार्टअप जोन का भी किया गया भ्रमण।

जिले के बगहा-1, मधुबनी एवं भितहां अंचल में समेकित रूप से चिन्हित की गयी है 1719 एकड़ जमीन।


बेतिया, 30 अप्रैल।   विजय कुमार सिंह, अपर सचिव, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के नेतृत्व में एक केन्द्रीय दल द्वारा आज दिनांक-30.04.2022 को पीएम मित्र पार्क स्थल का जायजा लिया गया। केन्द्रीय दल में श्री मनोज सिन्हा, उप सचिव एवं श्री महेश्वर चौधरी, उप निदेशक, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार शामिल रहे। इस दरम्यान उद्योग विभाग, बिहार के कई वरीय अधिकारी सहित जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, श्री कुंदन कुमार, उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।


पीएम मित्र पार्क स्थल का जायजा लेने के उपरांत केन्द्रीय दल द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में इतना बड़ा भू-भाग चिन्हित करना बेहतर कार्यशैली का परिचायक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की टीम द्वारा अच्छा प्रदर्शन किया गया है।


इसी क्रम में केन्द्रीय दल द्वारा चनपटिया स्टार्टअप जोन का भी जायजा लिया गया। इस दौरान स्टार्टअप जोन में संचालित सभी उद्यमों का बारी-बारी से निरीक्षण किया गया तथा उद्यमियों, अधिकारियों से जानकारी ली गयी। स्टार्टअप जोन भ्रमण के उपरांत केन्द्रीय दल द्वारा प्रसन्नता जाहिर की गयी और जिला प्रशासन को उत्कृष्ट कार्य हेतु हौसलाआफजाई की गयी तथा शुभकामनाएं दी गयी।


केन्द्रीय दल का नेतृत्व कर रहे  विजय कुमार सिंह ने कहा कि पश्चिम चम्पारण जिला महात्मा गांधीजी की कर्मभूमि रही है। यह प्रयोगों की भूमि रही है। इसी बानगी को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन द्वारा स्टार्टअप जोन को फंक्शनल कराया गया है। साथ ही पीएम मित्र पार्क निर्माण हेतु भी प्रयास किया जा रहा है। 


इसके पूर्व स्थानीय परिसदन में जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण द्वारा पॉवर प्रजेंटेशन के माध्यम से चनपटिया स्टार्टअप जोन एवं पीएम मित्र पार्क स्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी केन्द्रीय दल को दी गयी।


ज्ञातव्य हो कि पश्चिम चम्पारण जिले में एक हजार एकड़ क्षेत्र में पीएम मित्र पार्क (पीएम मेगा इण्टीग्रेटेड टेक्टसाईल रिजन एण्ड एपरील पार्क) का निर्माण किया जाना है। पीएम मित्र पार्क निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा 1719 एकड़ भूमि को चिन्हित करते हुए राज्य सरकार के माध्यम से केन्द्र सरकार को भेजा गया था। इसी के फलस्वरूप केन्द्रीय दल द्वारा आज पीएम मित्र पार्क स्थल एवं स्टार्टअप जोन का जायजा लिया गया है। पीएम मित्र पार्क का निर्माण हो जाने के उपरांत रोजगार सृजन को बल मिलेगा। स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही जिले की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। 


पीएम मेगा इण्टीग्रेटेड टेक्टसाईल रिजन एण्ड एपरील पार्क स्कीम के तहत पुरे देश में 07 टेक्स्टाईल मेगा पार्क के निर्माण की कार्ययोजना है। वर्तमान बजट सत्र में इसके लिए कुल 4445 करोड़ रूपए का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत लेटेस्ट टेक्नोलॉजी की मशीने अधिष्ठापित कराई जाएंगी। इसके क्रियान्वयन के लिए एस.पी.वी. (स्पेशल परपस वेहिकल) का गठन कराया जाएगा। 


पीएम मित्र पार्क अंतर्गत डेवलेपमेंट कैपिटल सपोर्ट भी पार्क के एसवीपी को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि त्वरित गति से क्रियान्वयन हो सके। डीसीएस का उपयोग आंतरिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, वाटर वेस्ट प्रबंधन, प्लग एण्ड प्ले मोड में आधारभूत संरचना, टेक्स्टाईल डिजाईन के लिए भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पार्क में इनक्यूबेशन सेन्टर भी बनाया जाएगा, ताकि नए उद्यमियों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके। साथ ही अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराया जाएगा।


पीएम मित्र पार्क एक अत्यंत ही महत्त्वाकांक्षी योजना है। जिले में स्टार्टअप जोन की सफलता के कारण पश्चिम चम्पारण जिले में टेक्स्टाईल एण्ड एपरील क्षेत्र में असीम संभावनाओं को देखते हुए पश्चिम चम्पारण जिले में टेक्स्टाईल मेगा पार्क के निर्माण हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। पश्चिम चम्पारण जिले के सर्वांगीण विकास में यह एक महत्त्वपूर्ण कदम है। आने वाले भविष्य में यह मील का पत्थर साबित होगा। इससे ब्रांड वेस्ट चम्पारण की ख्याति देश-विदेश में पहुंचेगी तथा जिले को प्रोडक्शन हब बनाने का सपना साकार हो सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ