पूजा के पंडालों में कोविड का कराया जा रहा पालन, दर्शन करने वालों की हो रही थर्मल स्क्रीनिंग।

  




वैशाली (बिहार),13 अक्टूबर। कोविड पंडालों में कोरोना के नियमों का पालन कराया जा रहा है। जो लोग मास्क या शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें जागरूक कर नियमों का पालन कराया जा रहा है। शहर के कोन्हारा घाट सहित कई अन्य पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को मास्क के लिए जागरूक करने के साथ उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। श्री बड़ी देवी दुर्गा पूजा समिति कोन्हारा घाट में समिति के सदस्य दीपक कुमार कहते हैं कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को माइकिंग के जरिए मास्क और शारीरिक दूरी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं मुख्य द्वार पर रखे सेनेटाइजर से भी लोगों को कोविड के अनुरूप नियमों का पालन कराया जा रहा है।

   जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ उदय नारायण सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक पंडाल पर कोरोना के अनुरूप नियमों का पालन किया जाना है। यह शहरवासियों की नैतिक जिम्मेदारी भी बनती है कि वह कोविड के इस काल में मास्क और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें। 

चंदे की रसीद पर कोविड के स्लोगन 

इस दुर्गा पूजा में पूजा समितियों ने अपने चंदे की रसीद पर ही दो गज की दूरी और मास्क जरूरी जैसे स्लोगन दिए थे। ताकि लोगों को उनका कर्तव्य याद रहे। गांधी चौक के रहने वाले मंतोष कुमार कहते हैं कि पट खुलने के साथ ही वह मां के दर्शन के लिए गए थे। जहां उन्होंने देखा कि बिना मास्क के पंडालों में प्रवेश पर निषेध था। वहीं उनके मुख्य द्वार पर सेनेटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग मशीन से लोगों का टेंपरेचर चेक किया जा रहा है। 


जिला स्वास्थ्य समिति की तरफ से पंडालों को मिला है सेनेटाइजर:

श्री बड़ी दुर्गा पूजा समिति के एक सदस्य दीपक ने कहा कि मुख्य द्वार पर लोगों के हाथ सेनेटाइज करने के लिए जिला अस्पताल की तरफ से सेनेटाइजर की व्यवस्था की गयी है। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ