बिहार के एक और पदाधिकारी के घर पर निगरानी का छापा।


सासाराम (बिहार) 27 नवंबर। अधिक संपत्ति मामले में रोहतास जिला भू अर्जन पदाधिकारी सह सासाराम नगर आयुक्त राजेश कुमार गुप्ता के डीएम कालोनी स्थित सरकारी आवास व कार्यालय पर शनिवार की सुबह निगरानी विभाग ने छापा मारा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके आवास से 4.75 लाख रुपए नगद,12 लाख रुपए से अधिक के जेवरात एवं पटना, फारबिसगंज सहित अन्य जगहों के कई चल-अचल संपत्तियों के कागजात मिले हैं। सुबह-सुबह निगरानी विभाग की विशेष टीम के इस बड़ी कार्रवाई से जिले के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी शहर में आग की तरह फैल गई है। खबर लिखे जाने तक निगरानी टीम की मैराथन जांच सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक जारी रही। जहां 10-12 सदस्यीय टीम ने पूरी बारीकी से बैंक, एलआईसी सहित प्रॉपर्टी के  सभी कागजातों का जांच किया। इस संदर्भ में एसके मोआर के नेतृत्व वाली निगरानी विभाग की टीम के डीएसपी खुर्शीद आलम ने बताया कि जिला भू अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके आलोक में निगरानी विभाग की अलग-अलग टीम सासाराम, पटना एवं फारबिसगंज स्थित आवास पर जांच कर रही है। सासाराम स्थित इनके सरकारी आवास से दो बैंक लॉकर, सहारा व एलआईसी के कागजात, 4.75 लाख नगद, आठ प्रोपर्टी के दस्तावेज एवं तकरीबन 12 लाख रुपए तक की ज्वेलरी मिली है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर राजेश कुमार गुप्ता के विरुद्ध FIR दर्ज  किया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ