बेतिया, 13 दिसंबर। बेतिया नगर निगम की निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया ने वार्ड 24 में मजदूरों के ई-श्रमिक पोर्टल पर निःशुल्क रजिस्ट्रेशन शिविर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कोरोना काल की त्रासदी में सरकार ने असंगठित क्षेत्र के कामगारों के कल्याण के लिए अत्यंत लाभकारी नया श्रम अधिनियम बनाया है। जिसके तहत असंगठित क्षेत्र से लेकर प्रवासी श्रमिक और घरेलू कामगार भी इस योजना के लाभुकों में शामिल किया गया है। इसकी विशेषताओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मौजूद श्रम कानूनों को सरल और कारगर बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा पूर्ववर्ती चार श्रम संहिताओं को नए श्रम अधिनियमन में शामिल किया है। इनमें मजदूरी संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य दशाएं संहिता 2020 तथा सामाजिक सुरक्षा संगठन संहिता 2020 शामिल हैं।अधिनियम के लाभ की चर्चा करते हुये श्रीमती सिकारिया ने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवरेज मिल जाएगा। पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक यदि दुर्घटना का शिकार होता है तो मृत्यु या फिर पूर्ण अपंगता की स्थिति में 2 लाख रुपये की धनराशि दिए जाने का प्रावधान है।उन्होंने कहा कि ई.श्रमिक कार्ड कार्ड उन लोगों के लिए बनाया जाता है जो प्रतिदिन मजदूरी करते हैं, जैसे की राजमिस्त्री, कारपेंटर, लोहार, पेंटर या फिर किसी भी तरह की मजदूरी करने वाले स्त्री या पुरूष इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा कर सरकार की श्रमिक लाभकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। नगर निगम की निवर्तमान सभापति ने बताया कि ई.श्रमिक पोर्टल पर रजिस्टर्ड कामगार को पेंशन, उपचार के लिए चिकित्सा राशि के दावेदार बन सकते हैं। दुर्घटना बस सम्पूर्ण अपंगता या मृत्यु हो जाने के मामले में दो लाख तक की एकमुश्त सहायता पाने के दावेदार आप या आपके आश्रित हो जाएंगे।उन्होंने बताया कि ई.श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड या जन्मतिथि का उल्लेख वाला कोई भी मान्य प्रमाण पत्र, बैंक में खाता का पासबुक,पासपोर्ट साईज फोटो की आवश्यकता होती है। मौके पर नवेन्दु चतुर्वेदी, अनुराग चतुर्वेदी, इंदल कुमार इत्यादि की काफी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ